देवप्रयाग के टोड़ेश्वर घाट पर शनिवार को गंगाजल लेने पहुंचा हरियाणा का एक कांवड़िया गंगा के तेज बहाव में बह गया। हादसे के बाद घाट पर मौजूद लोगों और उसके साथ आए दोस्तों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक हरियाणा के फरीदाबाद के मीठापुर निवासी 24 वर्षीय आर्यन मिश्रा अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ गंगाजल लेने देवप्रयाग पहुंचा था। सभी टोड़ेश्वर घाट पर जल भरने के लिए गए थे। इसी दौरान गंगा की मुख्य धारा में जल भरते वक्त आर्यन का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया।
साथियों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं। टीमों ने नदी के तटवर्ती इलाकों और निचले हिस्सों में युवक की तलाश शुरू की, लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान आर्यन मिश्रा, पुत्र सतेंद्र मिश्रा, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है। राहत और बचाव टीमें नदी के संभावित इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
घटना के बाद प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि गंगा का जलस्तर और बहाव कई जगह बेहद तेज है। ऐसे में श्रद्धालु केवल चिन्हित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें या गंगाजल भरें और किसी भी स्थिति में सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करें।

