उत्तराखंड से कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर स्थित यात्रा शिविर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रियों से संवाद करते हुए कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य से देश-दुनिया को जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संदेश अपने-अपने राज्यों तक पहुंचाएं और राज्य के ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभाएं।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का उल्लेख करते हुए यात्रियों से धारचूला और अन्य स्थानीय क्षेत्रों के उत्पाद खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों, महिलाओं और छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी।
यात्रा से पहले प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उत्तराखंड सरकार ने यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं ने भी यात्रा शुरू होने पर खुशी जताते हुए बाबा भोलेनाथ के जयकारों के साथ अपनी पवित्र यात्रा का शुभारंभ किया।

