देहरादून: देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे खुलने के बाद मोहब्बेवाला इलाके में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में आ रहे दो ट्रक आपस में टकरा गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसा इतना जोरदार था कि एक ट्रक ने आगे चल रहे ऑटो को भी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे साइनबोर्ड से जा भिड़ा, जिससे साइनबोर्ड पूरी तरह टूट गया।
यहीं नहीं, साइनबोर्ड गिरने से पास के पेड़ भी धराशायी हो गए। पेड़ों और मलबे के गिरने से सड़क किनारे स्थित एक पुराने कार शोरूम को भी नुकसान पहुंचा, जहां खड़ी कई गाड़ियों के ऊपर मलबा गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। एक ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटी है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
