80वें स्वतंत्रता दिवस पर पूरा उत्तराखंड देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। देहरादून से लेकर बदरीनाथ धाम, देवप्रयाग, हरिद्वार और थराली तक जगह-जगह तिरंगा शान से लहराया गया। राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री और मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद सीएम धामी ने सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे पूरा करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक से अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देने की अपील की।
इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। राज्य का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। देहरादून के परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर खास उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे।
वहीं बदरीनाथ धाम में भी स्वतंत्रता दिवस पर विशेष उत्साह नजर आया। मंदिर परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के जयकारों के साथ भारत माता की जय के नारे लगाए।
हरिद्वार में योग गुरु बाबा रामदेव ने पतंजलि योगपीठ में ध्वजारोहण किया। उन्होंने भ्रष्टाचार, बेईमानी और नशे के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए लोगों से इनके खिलाफ एकजुट होने की अपील की। बाबा रामदेव ने कहा कि देश को नशामुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त और चरित्रवान बनाने के लिए सामूहिक संकल्प जरूरी है। उन्होंने जाति और धर्म के नाम पर बढ़ती दूरियों को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि देश किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि सभी भारतीयों का है।
वहीं थराली में सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों, स्कूलों और पंचायतों में ध्वजारोहण किया गया। स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए देशभक्ति का संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस पर पूरे प्रदेश में तिरंगे के साथ एकता, देशभक्ति और विकसित भारत के संकल्प की तस्वीर दिखाई दी।

