हरिद्वार : सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से बड़ी सफलता कैसे हासिल की जाती है इसका शानदार उदाहरण हरिद्वार के छात्र शुभम अवस्थी ने पेश किया है।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज भेल के छात्र शुभम अवस्थी ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 93.6 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में 16वां स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है।
शुभम के पिता संतोष कुमार अवस्थी सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। आर्थिक सीमाओं के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। बेटे की सफलता पर उनकी आंखें खुशी से भर आईं।
शुभम बताते हैं कि उनके पिता ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया, जिससे वह अपने लक्ष्य पर डटे रहे।
शुभम ने बताया कि वह रोजाना करीब 6 घंटे पढ़ाई करते थे और अनुशासित दिनचर्या का पालन करते थे। उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
आगे की पढ़ाई को लेकर शुभम ने बताया कि वह इंजीनियर बनना चाहते हैं और 11वीं में विज्ञान विषय का चयन करेंगे।
शुभम की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मजबूत इरादे और मेहनत के दम पर हर मुश्किल को पार किया जा सकता है।

