भूकंप
उत्तराखंड में सोमवार देर रात और तड़के भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में अलग-अलग समय पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 रही, जबकि टिहरी में 2.0 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया। हालांकि राहत की बात यह है कि दोनों जिलों में भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
सबसे पहले उत्तरकाशी जिले में धरती डोली। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, देर रात करीब 1 बजकर 21 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटका इतना तेज था कि उत्तरकाशी की यमुना घाटी और गंगा घाटी के कई इलाकों में लोगों को कंपन महसूस हुआ। कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को फोन कर भूकंप की जानकारी लेने लगे।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में आए भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले में ही था और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के नजदीक राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है।
उत्तरकाशी के बाद टिहरी गढ़वाल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्र में आए इस भूकंप की तीव्रता 2.0 रही। इसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर दर्ज की गई। कम तीव्रता होने के कारण इसका असर सीमित रहा और किसी नुकसान की सूचना सामने नहीं आई।
भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन भी सतर्क रहा। दोनों जिलों में अधिकारियों ने स्थिति की जानकारी ली और फिलहाल कहीं से भी किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में आता है। ऐसे में भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोगों में स्वाभाविक रूप से चिंता बढ़ जाती है। हालांकि इस बार दोनों घटनाओं में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

