सीएम धामी
युवाओं से बोले सीएम धामी: संकल्प लेकर आगे बढ़ें, आने वाले समय में बड़ी जिम्मेदारियां मिलेंगी
देहरादून में मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया, जबकि ढाई लाख से अधिक युवा वर्चुअल माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि आने वाला समय उनका है और उन्हें राज्य व देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। कोई उद्यमी बनेगा, कोई डॉक्टर, किसान या शिक्षक बनकर देश के विकास में योगदान देगा। उन्होंने युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और लक्ष्य तय करके आगे बढ़ने की सलाह दी।
धामी ने कहा कि जीवन में संकल्प का बहुत महत्व है। जिस तरह पूजा-पाठ से पहले संकल्प लिया जाता है और उसी संकल्प को पूरा करने का प्रयास किया जाता है, उसी तरह युवाओं को भी अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को लेकर बार-बार विकल्प तलाशने से व्यक्ति भटक सकता है, इसलिए जिस क्षेत्र में जाना है, उसके लिए मिशन बनाकर आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी को लेकर अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी तकनीक और नई सोच के साथ आगे बढ़ रही है। युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल राज्य के विकास, स्वच्छता, परिवहन और दूसरे क्षेत्रों में बेहतर बदलाव लाने के लिए किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री के सामने नशे और शराब की समस्या से जुड़े सवाल भी रखे। विद्यार्थियों ने कहा कि स्कूलों और मोहल्लों के आसपास नशे की बिक्री पर रोक लगनी चाहिए। पहाड़ी क्षेत्रों में शादी और अन्य आयोजनों में शराब के इस्तेमाल को लेकर भी युवाओं ने सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने और कौशल विकास पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं और अपने भविष्य को मजबूत बनाने के लिए नए कौशल सीखें।

