उत्तरकाशी में भालू के हमले की एक और घटना सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। नौगांव क्षेत्र के कफनौल गांव के पास जंगल में बकरियां चरा रहे 50 वर्षीय व्यक्ति पर झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए हेली एंबुलेंस से देहरादून रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कफनौल गांव निवासी रणवीर सिंह कफोला पुत्र दयाराम कफोला रोज की तरह बकरियां लेकर गांव के नजदीक जंगल में गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। रणवीर सिंह के साथ मौजूद दूसरे बकरीपालक ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल रणवीर सिंह को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कफनौल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्रशासन से हेली एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके बाद घायल को कफनौल से करीब आठ किलोमीटर दूर धारी कलोगी से एयरलिफ्ट कर देहरादून के हायर सेंटर भेजा गया।
भालू के हमले की सूचना मिलने पर मुंगरसन्ति रेंज के वन क्षेत्राधिकारी विवेक चौहान अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वन विभाग ने घायल के उपचार से संबंधित चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई करने की बात कही है।
इस घटना के बाद कफनौल और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को जंगल में जाने और मवेशियों को चराने के दौरान वन्यजीवों के हमले का डर सता रहा है। क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल ग्रामीण घायल रणवीर सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

