हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बीती देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। शहर के रामपुर रोड क्षेत्र में बीजेपी समर्थित पार्षद अमित बिष्ट पर एक युवक नितिन लोहनी को गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है।
घटना के बाद आनन-फानन में घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र में दहशत का माहौल:
गोलीकांड के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी दी और पुलिस ने आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
कमल भंडारी ने बताया कि मृतक नितिन लोहनी और वह गौलापार गए हुए थे। लौटते समय नितिन ने पार्षद अमित बिष्ट से मिलने की बात कही। दोनों पार्षद के घर गए, जहां पहले फायर जमीन में चला। डर के कारण नितिन भागने लगा, लेकिन पार्षद ने उस पर गोली चला दी, जिससे नितिन नाली में जा गिरा और वहीं उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई:
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मौके पर पहुंचकर जांच का आदेश दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के परिवार ने तहरीर दे दी है और अग्रिम कार्रवाई जारी है।

हल्द्वानी में यह मामला शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। क्षेत्र में लोग अब भी भय और दहशत महसूस कर रहे हैं।
