उत्तरकाशी: सीमांत जिले उत्तरकाशी की पुरोला विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक दुर्गेश्वर लाल और उनकी पत्नी निशा के खातों में मनरेगा योजना की धनराशि पहुंचने का मामला चर्चा में है। इस घटना ने प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विकासखंड कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार यह भुगतान उनके पुराने जॉब कार्ड के आधार पर किया गया था। वहीं विधायक दुर्गेश्वर लाल का कहना है कि यह उन्हें बदनाम करने की साजिश है। मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी शशि भूषण बिंजोला ने कहा कि धनराशि की रिकवरी की जाएगी।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में भाजपा के टिकट पर विधायक बने दुर्गेश लाल का पूर्व में मनरेगा जॉब कार्ड था। उसी कार्ड के माध्यम से उन्हें और उनकी पत्नी को कई बार मनरेगा मजदूरी का भुगतान हुआ। हाल ही में उनके विधायक पद के दौरान भी उनके जॉब कार्ड पर दोनों के खातों में मजदूरी भुगतान दिखाई दे रहा है।
मनरेगा के ऑनलाइन पोर्टल से मिली जानकारी के अनुसार जून 2022 में विधायक की पत्नी निशा को रेक्चा के आम रास्ते की पीसीसी खड़ंजा निर्माण कार्य मिलना दर्शाया गया है। वहीं, अगस्त-सितंबर 2024 और नवंबर 2024 में उन्हें क्रमशः बाजुडी तोक में पीसीसी और समलाडी तोक में वृक्षारोपण कार्य का भुगतान किया गया। वर्तमान वर्ष में खुद विधायक दुर्गेश लाल को पिनेक्ची तोक में भूमि विकास कार्य में रोजगार दिखाया गया है।
पोर्टल के अनुसार विधायक रहते हुए तीन कार्यों के लिए 5,214 रुपए का भुगतान हुआ। वर्ष 2021 से 2025 तक कुल 11 कार्यों में दोनों पति-पत्नी के खातों में 22,962 रुपए की राशि दर्ज है।
ब्लॉक कार्यालय में मनरेगा सहायक यशवंत ने कहा कि उनके किसी भी मस्टरोल (श्रमिकों की उपस्थिति, किए गए कार्य और मजदूरी के भुगतान का रिकॉर्ड) पर हस्ताक्षर नहीं हैं और कार्यालय में फाइल भी नहीं मिली।
विधायक दुर्गेश लाल ने कहा कि बिचौलियों की दुकानें बंद हो गई हैं….इसलिए मुझे ट्रोल किया जा रहा है। तब तक मनरेगा मस्टरोल नहीं निकलता, जब तक काम करने वाले के साइन नहीं होते। यह मेरी छवि खराब करने की साजिश है। मेरा जॉब कार्ड विधायक बनने से पहले जरूर था।

खंड विकास अधिकारी शशि भूषण बिंजोला ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। शनिवार को आराकोट में जन सेवा शिविर के बाद सभी संबंधित कर्मचारियों को तलब कर जानकारी ली जाएगी। दोषी पाए जाने पर मनरेगा के तहत जारी धनराशि की पूरी रिकवरी की जाएगी।
