देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रजत जयंती समारोह के अवसर पर उत्तराखंड को 8260 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे कई क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इसी के तहत उन्होंने 28,000 किसानों के खातों में फसल बीमा योजना की 62 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की।
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में रजत जयंती समारोह के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके पहले उन्होंने राज्य के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न हितधारकों से संवाद किया और स्मारक डाक टिकट जारी करने के बाद जनसमूह को संबोधित किया।
लोकार्पण की जाने वाली प्रमुख परियोजनाएं:
अमृत योजना के तहत देहरादून के 23 जोनों में पेयजल आपूर्ति परियोजना।
पिथौरागढ़ विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ।
सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र।
हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड।
शिलान्यास की जाने वाली परियोजनाएं:
सौंग बांध पेयजल परियोजना।
जमरानी बहुउद्देशीय परियोजना, नैनीताल।
विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना।
चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना।
नैनीताल में अत्याधुनिक दुग्ध संयंत्र।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तराखंड के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों की जीवनशैली में सुधार आएगा।
