
खानपुर क्षेत्र के बालावाली गांव में सोमवार तड़के एक पिकअप वाहन की टक्कर से गाय की मौत हो गई। इसके बाद हालात अचानक बिगड़ गए। ग्रामीणों ने गाड़ी को घेर लिया और जब उसमें मांस भरा देखा तो आक्रोश फूट पड़ा। देखते ही देखते भीड़ ने गाड़ी में आग लगा दी।
जानकारी के अनुसार लक्सर की ओर से डुमनपुरी, बिजनौर की तरफ जा रही मांस से भरी पिकअप गाड़ी ने गांव के सामने सड़क पर एक गाय को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। जब गाड़ी की खिड़की खोलकर देखा गया तो उसमें मांस भरा मिला। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह प्रतिबंधित पशु का मांस हो सकता है। इस बात से भीड़ भड़क उठी और भारी हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही खानपुर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र राठी, उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होती चली गई और गुस्साई भीड़ ने वाहन में आग लगा दी। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। इसके बाद ग्रामीणों को पीछे हटाया गया।
घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के सैकड़ों लोग भी मौके पर जमा हो गए। भीड़ ने गाड़ी में लदे मांस की जांच की मांग करते हुए कार्रवाई पर जोर दिया। मौके पर पहुंचे खानपुर विधायक उमेश कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। उनके आश्वासन के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। खानपुर एसओ धर्मेंद्र राठी ने बताया कि दुर्घटना में मारी गई गाय का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वहीं गाड़ी में मिले मांस के सैंपल पशु चिकित्साधिकारी से जांच के लिए भेज दिए गए हैं। खानपुर के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. जी.एस. सचदेवा ने पुष्टि की कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि गाड़ी में कौन-सा मांस लदा था।