
उत्तराखंड भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। पार्टी की नई कार्यकारिणी की घोषणा इसी सप्ताह होने की संभावना है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट दिल्ली से वापस लौट आए हैं और पूरी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि नई टीम में उपाध्यक्ष, मंत्री और महामंत्री सहित 31 पदों पर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी दी कि तीन से चार दिनों के भीतर 31 नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पर विस्तृत चर्चा हो चुकी है और अब सिर्फ औपचारिक घोषणा शेष है। नई टीम आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।
भाजपा के नए ढांचे में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अलावा आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश मंत्री, तीन महामंत्री, एक महामंत्री संगठन, एक प्रदेश मीडिया प्रभारी, एक कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय सचिव शामिल होंगे। इसके साथ ही सात मोर्चों के अध्यक्ष भी घोषित किए जाएंगे। इनमें युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि इस बार संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। संभव है कि महामंत्री पद में से एक की जिम्मेदारी किसी महिला नेता को सौंपी जाए। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद पार्टी का फोकस विधानसभा चुनाव 2027 के लिए रणनीति बनाने और संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त करने पर होगा।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि भाजपा की यह नई टीम चुनावी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होगी। पार्टी आगामी महीनों में सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क जैसे कार्यक्रमों को गति देने की योजना पर काम कर रही है। नई टीम के ऐलान के साथ ही उत्तराखंड की सियासत में हलचल और तेज होने की संभावना है।