ब्लॉक प्रमुखों को धामी सरकार की बड़ी सौगात !
उत्तराखंड प्रमुख संगठन सम्मेलन 2026 में सीएम पुष्कर सिंह धामी की चार बड़ी घोषणाएं। क्षेत्र पंचायत निधि फिर शुरू करने और ब्लॉक प्रमुखों के मानदेय-भत्तों में बढ़ोतरी की तैयारी।
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड प्रमुख संगठन सम्मेलन-2026 में क्षेत्र पंचायतों को मजबूत बनाने के लिए चार अहम घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं और मांगों को ध्यान में रखते हुए सरकार सकारात्मक कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचे ब्लॉक प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए धामी ने क्षेत्र पंचायत निधि को दोबारा शुरू करने की कार्यवाही करने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय और भत्तों में बढ़ोतरी की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विकासखंड स्तरीय समिति में ब्लॉक प्रमुखों को शामिल करने और ग्रामीण क्षेत्रों को नगरीय क्षेत्रों में शामिल करने से पहले संबंधित ग्राम पंचायतों से विचार-विमर्श करने की भी घोषणा की।
सीएम धामी ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और पंचायत प्रतिनिधि सरकार तथा जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में उनकी अहम भूमिका है।
उन्होंने बताया कि छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार स्थानीय निकायों की राज्य के कर राजस्व में हिस्सेदारी 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके लिए अनुपूरक बजट में 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए होमस्टे, पर्यटन, कृषि, बागवानी और पशुपालन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की।
मुख्यमंत्री की चार प्रमुख घोषणाएं:
-
क्षेत्र पंचायत निधि को दोबारा शुरू करने की कार्यवाही।
-
क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय और भत्तों में बढ़ोतरी।
-
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ब्लॉक स्तरीय समिति में ब्लॉक प्रमुखों को शामिल करना।
-
ग्रामीण क्षेत्रों को नगरीय क्षेत्र में शामिल करने से पहले संबंधित ग्राम पंचायत से विचार-विमर्श।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख संगठन उत्तराखण्ड श्री राजीव कण्डारी, महासचिव श्री गणेश चन्दोला, श्रीमती ज्योति ग्रोवर, संरक्षक श्री हरीश बिष्ट, एवं अन्य ब्लॉक प्रमुखगण उपस्थित थे।
