मौसम
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होने लगी है। रविवार को दोपहर बाद राजधानी देहरादून में मौसम ने अचानक करवट बदली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को ठंड का एहसास होने लगा। वहीं, केदारनाथ धाम में बर्फबारी होने से पहाड़ों में सर्दी का असर और बढ़ गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। हालांकि, मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है मौसम में आए बदलाव के बीच देहरादून के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, करीब चार दिन बाद राजधानी का तापमान सामान्य स्तर पर पहुंचा है।
वहीं, नौ अक्तूबर को हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर सरकार ने भी कदम उठाए हैं। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर फसलों, पशुधन, आवासीय भवनों और अन्य परिसंपत्तियों को हुए नुकसान का विवरण जुटाने को कहा है। अधिकारियों को स्थलीय सर्वेक्षण कर पात्र प्रभावितों तक निर्धारित मानकों के अनुसार मुआवजा और आर्थिक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल प्रदेश में मौसम का बदलाव जारी है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को मौसम संबंधी पूर्वानुमान पर नजर रखने की जरूरत है।

