देवप्रयाग के पवित्र संगम तट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने और संगम में स्नान करने पहुंचा राजस्थान का 22 वर्षीय युवक अचानक पैर फिसलने से गंगा की तेज धारा में बह गया। हादसे के बाद युवक की तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक जयपुर के घटवारडा चंदवाजी निवासी राघव शर्मा, पुत्र मुरारी लाल शर्मा, अपने दोस्तों के साथ देवप्रयाग संगम पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया।
युवक को नदी में बहता देखकर संगम पर तैनात जल पुलिस के जवान पुष्कर ने बिना देर किए अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगा दी। जवान ने करीब 100 मीटर तक युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गंगा के तेज बहाव के चलते वह युवक तक नहीं पहुंच सका।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद युवक की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया। पुलिस और एसडीआरएफ के जवान नदी के दोनों किनारों के साथ-साथ संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रहे हैं।
देवप्रयाग संगम पर पहले भी नदी में डूबने और बहने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों से नदी में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की जाती है।
फिलहाल राघव शर्मा का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ युवक के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।

