अल्मोड़ा में मां नंदा-सुनंदा मेले के तहत आज भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और मंदिर परिसर से लेकर बाजार तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोपहर 1 बजे चंद वंशज युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह की ओर से मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं का विदाई पूजन किया जाएगा।
इसके बाद अपराह्न 3:30 बजे मंदिर प्रांगण में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मां नंदा-सुनंदा का डोला शोभायात्रा के लिए रवाना होगा। मंदिर समिति के अनुसार डोला सबसे पहले मां नंदा देवी मंदिर की परिक्रमा करेगा और इसके बाद निर्धारित मार्ग से बाजार का भ्रमण किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
शोभायात्रा के बाद शाम करीब 6:30 बजे दुगालखोला नौले में मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा ने अल्मोड़ा की जनता और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सहभागिता से शोभायात्रा को भव्य स्वरूप मिलेगा।
वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष अपील की गई है। समिति ने जर्जर भवनों के स्वामियों से कहा है कि शोभायात्रा के दौरान अपनी छतों या मकानों पर श्रद्धालुओं को एकत्र न होने दें। इससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सकेगा।
मां नंदा-सुनंदा की इस भव्य शोभायात्रा के साथ अल्मोड़ा के प्रसिद्ध नंदा देवी मेले का धार्मिक और सांस्कृतिक रंग अपने चरम पर नजर आएगा।

