गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के पीपलकोटी दौरे के दौरान बड़ा हादसा टल गया। चमोली के पीपलकोटी में हुए टनल हादसे का जायजा लेने जा रहे सांसद अनिल बलूनी की कार पर तोताघाटी के पास अचानक पहाड़ी से भारी-भरकम बोल्डर आ गिरा। बोल्डर गिरने से उनकी इनोवा कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सांसद समेत वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।
जानकारी के मुताबिक, अनिल बलूनी पीपलकोटी पहुंचकर टनल हादसे के प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने और हादसे में प्रभावित लोगों का हाल जानने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़ा बोल्डर सड़क पर आ गिरा।
बोल्डर सीधे सांसद की कार पर गिरा, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कार में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत रही कि बोल्डर की चपेट में आने के बावजूद किसी को गंभीर चोट नहीं आई। मौके पर मौजूद लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद वाहन की आवश्यक मरम्मत कराई गई। वाहन के सामान्य होने के बाद सांसद अनिल बलूनी अपने काफिले के साथ आगे पीपलकोटी की ओर रवाना हो गए। श्रीनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सांसद और उनका पूरा अमला सुरक्षित है।
सांसद का यह दौरा ऐसे समय हुआ, जब पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है। सुरंग में पानी और मलबा आने के कारण कई श्रमिक फंस गए थे और हादसे में कई लोगों की जान गई है।
तोताघाटी की घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने के खतरे को सामने ला दिया है। बारिश के दौरान ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्सों में पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। ऐसे में यात्रियों और वाहन चालकों को संवेदनशील इलाकों में बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।

