उत्तराखंड की राजनीति में एक वायरल वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सल्ट विधानसभा से भाजपा विधायक महेश जीना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक व्यक्ति से अभद्र भाषा में बात करते और कथित तौर पर धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है, जबकि भाजपा ने इसे जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने की साजिश करार दिया है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 1 अगस्त का है। वायरल वीडियो में विधायक महेश जीना एक व्यक्ति से कहते हुए सुनाई देते हैं कि “अच्छी वीडियो बनाकर डाला कर, बहुत चर्बी चढ़ गई है, उतार दूंगा। प्यार से डाल और अच्छी चीजें डाल।” वीडियो में उनके द्वारा फोन छीनने का भी दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में अलग-अलग पक्ष अपनी-अपनी दलीलें दे रहे हैं।
कांग्रेस ने इस घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए भाजपा विधायक पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब महेश जीना का नाम अभद्र व्यवहार को लेकर सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता अपनी समस्याएं लेकर जनप्रतिनिधियों के पास जाती है, लेकिन यदि उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जाएगा तो यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। कांग्रेस ने सरकार से पूरे मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
वहीं भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी का कहना है कि कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिए जनप्रतिनिधियों की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, वीडियो के आधार पर राजनीतिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है और यह उत्तराखंड की परंपरा और लोकतांत्रिक संस्कृति के अनुकूल नहीं है।
साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस विवाद ने प्रदेश की राजनीति को नया मुद्दा दे दिया है। एक ओर विपक्ष इसे जनप्रतिनिधियों के आचरण का सवाल बना रहा है, तो दूसरी ओर भाजपा इसे सुनियोजित राजनीतिक अभियान बता रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है और यह विवाद आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति को किस दिशा में ले जाता है।

