रुड़की में कांवड़ यात्रा के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते लोगों ने कार को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गोल्डन ढाबे के पास शनिवार रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की टक्कर से कांवड़ टूटते ही श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में कांवड़िए मौके पर जुट गए और कार के शीशों सहित कई हिस्सों को डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया।
सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से स्थिति और अधिक बिगड़ने से बच गई।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि कार में तोड़फोड़ की घटना के संबंध में पुलिस के पास वीडियो फुटेज उपलब्ध है। मामले में एक कांवड़िए को हिरासत में लिया गया है। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
सावन के पवित्र महीने में लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर निकले हुए हैं। ऐसे में प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से संयम बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है, ताकि आस्था की इस यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

