उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां भाई से मामूली कहासुनी के बाद 20 वर्षीय युवती ने गुस्से में गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से युवती की जान बच गई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा निवासी एक परिवार हाल ही में बनभूलपुरा के इंदिरानगर छोटी रोड क्षेत्र में किराये के मकान में रहने आया था। बुधवार शाम युवती घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। परिजनों के मुताबिक यह सामान्य कहासुनी थी, लेकिन युवती गुस्से में घर से निकल गई।
कुछ देर बाद वह चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल पर पहुंची और रात करीब आठ बजे नदी में छलांग लगा दी। घटना को वहां मौजूद लोगों ने देख लिया और तुरंत शोर मचाया। स्थानीय लोग बिना देर किए नदी की ओर दौड़े और काफी प्रयास के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती को तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। समय पर लोगों की मदद मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भाई-बहन के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद युवती भावनात्मक आवेश में यह कदम उठा बैठी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी पारिवारिक विवाद या तनाव की स्थिति में आवेश में आकर कोई खतरनाक कदम न उठाएं। छोटी-छोटी बातों को बातचीत और आपसी समझ से सुलझाया जा सकता है। समय रहते मिली मदद और स्थानीय लोगों की सतर्कता से इस घटना में युवती की जान बच गई।

