उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बदरी-केदार मंदिर समिति यानी बीकेटीसी में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। देहरादून में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने पूरे मामले की सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि मामले में बीकेटीसी अध्यक्ष को बचाने की कोशिश की जा रही है और साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की गई है। उनका कहना है कि यदि किसी भी व्यक्ति पर आरोप हैं तो बिना किसी भेदभाव के सभी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच जनता के सामने आ सके।
प्रेसवार्ता के दौरान गोदियाल ने सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सहकारी बैंक भर्ती समेत कई मामलों में गंभीर शिकायतों के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में दोहरा रवैया अपना रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह किसी भी सार्वजनिक बहस और स्वतंत्र जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने सरकार और बीकेटीसी अध्यक्ष से भी आरोपों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक संस्थाओं की पारदर्शिता और जनता का विश्वास बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में यदि चढ़ावे और वित्तीय लेनदेन को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो सरकार को मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करानी चाहिए। उनका कहना है कि सच्चाई सामने आने से ही लोगों का भरोसा कायम रहेगा।
बीकेटीसी प्रकरण को लेकर प्रदेश की सियासत लगातार गरमाई हुई है। एक ओर कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगा रही है तो दूसरी ओर सरकार और बीकेटीसी की ओर से आरोपों को खारिज किया जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार जांच की मांग पर क्या फैसला लेती है और इस पूरे विवाद में आगे क्या नया मोड़ आता है।

