नैनीताल से एक दर्दनाक और रहस्यमयी मामला सामने आया है, जहां तीन दिन से लापता एक युवक का शव पाषाण देवी मंदिर के समीप नैनीझील से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय प्रकाश आर्या के रूप में हुई है, जो मल्लीताल स्थित एक होटल में कार्यरत था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश आर्या शनिवार रात करीब आठ बजे होटल से यह कहकर निकला था कि वह तल्लीताल में रहने वाले अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा है। लेकिन वह न तो अपने दोस्त के कमरे तक पहुंचा और न ही अगले दिन ड्यूटी पर लौटा। जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो होटल प्रबंधन ने उसके परिजनों को इसकी सूचना दी।
परिजनों ने युवक की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पाषाण देवी मंदिर के पास झील किनारे प्रकाश का बैग, कपड़े, जूते और दूध की बोतल मिली। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश तेज कर दी।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने पाषाण देवी मंदिर के पास झील में एक शव उतराता हुआ देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला। पहचान करने पर पुष्टि हुई कि शव लापता युवक प्रकाश आर्या का ही है।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस युवक के अंतिम समय की गतिविधियों, उसके दोस्त से संपर्क, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, नैनीताल में लगातार झील से शव मिलने की घटनाओं ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जिससे यह साफ हो सके कि यह हादसा था, आत्महत्या या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।

