सीएम धामी
अल्मोड़ा से एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को पांडेखोला स्थित शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीद के माता-पिता, भाई और अन्य परिजनों से मिलकर उनका दुख साझा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है और उनका नाम हमेशा सम्मान के साथ लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, बल्कि राष्ट्र की स्मृतियों में अमर हो जाते हैं।
सीएम धामी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान और उनके परिवारों की देखभाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अल्मोड़ा में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर एक भव्य स्मृति द्वार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्मृति द्वार आने वाली पीढ़ियों को शहीद के साहस, समर्पण और बलिदान की प्रेरणा देता रहेगा।
गौरतलब है कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी हाल ही में जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सेना के एक अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके बलिदान ने पूरे उत्तराखंड को गर्व और शोक दोनों भावनाओं से भर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिया गया यह बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने और देश सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस दौरान मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। शहीद के घर पहुंचे मुख्यमंत्री के इस दौरे ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पूरा उत्तराखंड अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।

