विनोद चमोली
देहरादून की धर्मपुर विधानसभा सीट पर आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के दो बार के विधायक विनोद चमोली के सामने इस बार उनकी ही पार्टी के कई नए दावेदार सक्रिय नजर आ रहे हैं। चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन टिकट की दौड़ ने पार्टी के भीतर सियासी गतिविधियां बढ़ा दी हैं।
धर्मपुर विधानसभा सीट पर वर्तमान विधायक विनोद चमोली लगातार दो चुनाव जीत चुके हैं। वर्ष 2017 में उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिनेश अग्रवाल को हराकर धर्मपुर सीट पर भाजपा का परचम लहराया था। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने एक बार फिर दिनेश अग्रवाल को पराजित कर अपनी पकड़ मजबूत साबित की। लेकिन अब 2027 की तैयारी के बीच भाजपा में नए चेहरे भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
इन दावेदारों में मेहूंवाला निवासी रतन सिंह चौहान प्रमुख नाम हैं। रतन सिंह चौहान लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वे धर्मपुर विधानसभा के चुनाव सह-संयोजक भी रहे थे। अब वे खुद चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हुए हैं।
इसके अलावा क्लेमेंटटाउन निवासी महेश पांडे भी टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। महेश पांडे का कहना है कि पार्टी यदि युवाओं को मौका देती है तो वे मजबूत विकल्प साबित हो सकते हैं। वहीं पूर्व उपाध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी और अनुराधा वालिया का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल है। हालांकि दोनों को हाल ही में सरकार की ओर से विभिन्न बोर्ड और आयोगों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे उनकी सक्रिय दावेदारी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
धर्मपुर विधानसभा का इतिहास भी काफी दिलचस्प रहा है। 2012 में कांग्रेस के दिनेश अग्रवाल ने यहां जीत दर्ज की थी, लेकिन 2017 में विनोद चमोली ने उनका विजय रथ रोक दिया। 2022 में भी चमोली ने अपनी जीत दोहराई और लगातार दूसरी बार विधायक बने।
अब सवाल यह है कि क्या भाजपा एक बार फिर विनोद चमोली पर भरोसा जताएगी या फिर धर्मपुर सीट पर किसी नए चेहरे को मौका मिलेगा। फिलहाल धर्मपुर विधानसभा में चुनावी सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं और सभी संभावित दावेदार जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं।

