मसूरी
मसूरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां छुट्टियां मनाने आई एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सात महीने पहले शादी के बंधन में बंधी 27 वर्षीय राधा गायत्री अपने पति के साथ दिल्ली से मसूरी घूमने आई थीं, लेकिन यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई।
जानकारी के मुताबिक दंपती 13 जून को दिल्ली से उत्तराखंड पहुंचे थे। ऋषिकेश में कुछ समय बिताने के बाद दोनों मसूरी-धनौल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में ठहरे थे। सोमवार सुबह पति जब नींद से जागा तो उसने पत्नी को कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा पाया। महिला की नाक से खून बह रहा था और शरीर में कोई हलचल नहीं थी। घबराए पति ने तुरंत होमस्टे प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, 108 एंबुलेंस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कमरे से कई अहम सुराग मिले हैं। बिस्तर की चादर पर खून के धब्बे पाए गए, जबकि कमरे से दो खाली शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना से पहले दोनों ने शराब का सेवन किया था या नहीं।
मृतका राधा गायत्री गुरुग्राम में आईटी सेक्टर में कार्यरत थीं, जबकि उनके पति सौम्या श्रीचरण पुणे में नौकरी करते हैं। दोनों की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के सास-ससुर मसूरी पहुंच गए, जबकि उनके माता-पिता विशाखापट्टनम से उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

