बुलडोजर
देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला इलाके में एक युवक की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। पानी के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला और रविवार को आगजनी, पथराव तथा विरोध प्रदर्शन की घटनाएं सामने आईं।
जानकारी के मुताबिक 13 जून को खेत में सिंचाई के पानी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के करीब दर्जनभर लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर युवक विनोद की हत्या कर दी। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण देर रात तक थाने में डटे रहे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंचे।
रविवार सुबह जैसे ही हत्या की खबर पूरे क्षेत्र में फैली, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान एक आरोपी के घर पर आगजनी की गई, जबकि अन्य आरोपियों के घरों के आसपास भी तोड़फोड़ और आग लगाने की घटनाएं सामने आईं। हालात तब और बिगड़ गए जब कुछ स्थानों पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। पत्थरबाजी में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उधर, जिला प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन का दावा है कि जिन निर्माणों पर कार्रवाई की गई, वे अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में आते हैं। बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान घरों की बाउंड्रीवाल और अन्य हिस्सों को ध्वस्त किया गया।
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि देवभूमि की शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

