पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में बीती रात हुई भारी बारिश के बाद सातशिलिंग-थल रोड पर बीसाबजेड़ क्षेत्र में भारी मलबा सड़क पर आ गया। मलबे से पूरी सड़क पट गई, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।
सुबह सड़क पर मलबा जमा होने के कारण कई छोटे वाहन बीच रास्ते में फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों को किसी तरह बाहर निकाला गया। दुपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्कूल जाने वाले बच्चों को भी सड़क पर फैले मलबे के कारण दिक्कत हुई। लोगों को पैदल निकलने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जगह पर अक्सर बारिश के दौरान मलबा आने की समस्या बनी रहती है। उन्होंने आशंका जताई कि मानसून में हालात और खराब हो सकते हैं।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द मलबा हटाने और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि लोगों को बार-बार परेशानी न झेलनी पड़े।
