ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में तय किया गया कि अब शादी, बच्चे के जन्म और अन्य खुशी के मौकों पर किन्नर 2100 रुपये से अधिक बधाई नहीं ले सकेंगे। यह प्रस्ताव पार्षद अभिनव सिंह मलिक द्वारा रखा गया…जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
पार्षदों का कहना था कि कई बार किन्नर लोगों से मनमानी रकम मांगते हैं। मांग पूरी न होने पर विवाद और हंगामे की स्थिति बन जाती है। नए फैसले से ऐसे मामलों पर रोक लगाने की कोशिश की जाएगी।
बैठक में पार्षदों को भत्ता देने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। नगर निगम प्रशासन अब इस फाइल को शासन के पास भेजेगा। मंजूरी मिलने के बाद पार्षदों को भत्ता मिलना शुरू होगा।
बैठक के दौरान कुछ पार्षदों ने बैठने की पर्याप्त व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई और बहिष्कार किया। बाद में अतिरिक्त फर्नीचर मंगाने के बाद पार्षद बैठक में शामिल हुए।

इसके अलावा बैठक में वेंडरों से तहबाजारी शुल्क वसूली, आवारा पशुओं की समस्या, स्ट्रीट लाइट सुधारने और सड़कों की मरम्मत जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
