भारी भूस्खलन
उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार को बड़ा भूस्खलन होने से ज्योर्तिमठ-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। घटना ढाक क्षेत्र के पास हुई, जहां सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा था। अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे हाईवे बंद हो गया और वाहनों की आवाजाही थम गई।
बताया जा रहा है कि हाईवे पर इन दिनों सड़क को डबल लेन बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी दौरान पहाड़ की कटिंग के समय अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। भूस्खलन इतना तेज था कि कुछ ही पलों में पूरा मार्ग मलबे से भर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई वाहन मलबे की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन यानी BRO की टीम मौके पर पहुंची और हाईवे से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक रास्ता खोलने में कुछ समय लग सकता है, क्योंकि लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है।
ज्योर्तिमठ-मलारी मार्ग सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यह सड़क सीमांत क्षेत्रों और सेना की आवाजाही के लिए अहम है। ऐसे में हाईवे बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ सेना और प्रशासन की गतिविधियों पर भी असर पड़ सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य और बदलते मौसम के बीच भूस्खलन की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं।

