हल्द्वानी: हल्द्वानी में ग्राम प्रधान से जुड़ा मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद विवाद और बढ़ गया है, जिसमें कथित तौर पर प्रधान पक्ष मारपीट करता नजर आ रहा है।
पदमपुर देवलिया निवासी लक्ष्मी मेहता ने पुलिस को दी तहरीर में ग्राम प्रधान रमेश जोशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल को उनकी गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी…तभी प्रधान अपने साथियों के साथ घर पहुंचे और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान कार का शीशा तोड़ा गया और घर की महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। बीच-बचाव करने पर कपड़े फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे…जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। पीड़िता ने बताया कि उन्हें चोटें आई हैं और उनका मेडिकल भी कराया गया है।
इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। वहीं दूसरी ओर ग्राम प्रधान संगठन के समर्थकों ने एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है।

