देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण मांग रखी है। नई दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की जरूरतों को विस्तार से रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान राज्य में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में उन्होंने यात्रा अवधि के दौरान एलपीजी आपूर्ति को 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया।
इसके साथ ही उन्होंने मानसून और आपदा की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त 5 प्रतिशत सिलेंडर आवंटन की भी मांग की, ताकि राहत और बचाव कार्यों में कोई बाधा न आए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था के साथ-साथ अर्थव्यवस्था का भी प्रमुख आधार है।
वहीं केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

