देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में लड़कियों के साथ छेड़छाड़, पीछा करने और घरों में घुसकर ताका-झांकी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
मामला सामने तब आया जब एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि एक युवक लंबे समय से क्षेत्र की लड़कियों का पीछा कर उन्हें डराता था और मौका पाकर घरों में घुसने की कोशिश करता था। 18 अप्रैल को आरोपी ने पीड़िता का घर तक पीछा किया और दीवार फांदकर कमरे में घुसने का प्रयास भी किया।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सोहेब हुसैन को क्लेमेंटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी रात के समय लड़कियों का पीछा कर उनके घरों में घुसने की कोशिश करता था और खिड़की या रोशनदान से झांकता था।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

