रुद्रपुर : उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में रुद्रपुर की छात्रा सुशीला मेहंदीरत्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
भंजूराम अमर देव इंटर कॉलेज की छात्रा सुशीला ने 500 में से 490 अंक प्राप्त कर 98 प्रतिशत के साथ टॉप किया। रिजल्ट घोषित होते ही स्कूल में जश्न का माहौल बन गया और शिक्षकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
सुशीला ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उनके पिता योगेश मेहंदीरत्ता और माता ममता मेहंदीरत्ता एक छोटा सा बुटीक चलाते हैं और हमेशा बेटी को पढ़ाई के लिए प्रेरित करते रहे हैं।
खास बात यह है कि सुशीला ने बिना किसी कोचिंग के यह मुकाम हासिल किया। वह रोजाना करीब 4 घंटे पढ़ाई करती थीं और मोबाइल फोन का उपयोग केवल पढ़ाई से जुड़ी चीजों के लिए करती थीं।
सुशीला का मानना है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत पूरी ईमानदारी से की जाए…तो सफलता जरूर मिलती है।
परिवार में खुशी का माहौल है। उनके छोटे भाई ने भी अच्छे अंक हासिल किए हैं…जिससे घर में दोहरी खुशी का माहौल बना हुआ है।
सुशीला की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

