खटीमा : उत्तराखंड के खटीमा क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज से गंभीर मामला सामने आया है, जहां खेल शिक्षक पर छात्रा की अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगा है।
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। इस दौरान खंड शिक्षाधिकारी का भी घेराव किया गया और उन पर लापरवाही के आरोप लगाए गए।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक छात्रा की वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। जब परिजनों को इस बात का पता चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की पूछताछ के दौरान शिक्षक ने वीडियो डिलीट कर दी।
घटना के विरोध में ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों ने स्कूल में विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि लंबे समय से इस तरह की शिकायतें सामने आ रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को लोगों के बीच से निकालकर कोतवाली ले गई।
इस पूरे मामले में शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। साथ ही खंड शिक्षाधिकारी को भी रुद्रपुर कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
