देहरादून : टिहरी गढ़वाल में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद केंद्र और राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए राहत का बड़ा ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
वहीं राज्य सरकार भी राहत देने में पीछे नहीं है। उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत नियमावली के तहत मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मृतकों के परिजनों को 3-3 लाख रुपये और गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद दी जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस दुखद घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तुरंत बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए और जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहकर हर जरूरी मदद पहुंचाए।

