देहरादून : मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बारिश से क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और लोक निर्माण विभाग (PWD) को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला बेहद महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक आवाजाही करते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल दोनों ओर से आवागमन बनाए रखने के लिए बेली ब्रिज का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, जिसे जल्द ही पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा। साथ ही स्थायी पुल का निर्माण कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर जारी है और इसे अगले 2 से 3 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क और पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। विभिन्न क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए कई परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए कि जरूरी अवसंरचना कार्य समय पर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

साथ ही अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
