रामनगर : उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे घोषित किया जाएगा।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर के अनुसार, बोर्ड सभागार में परिणाम घोषित किया जाएगा। इस मौके पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती भी मौजूद रहेंगे।
बोर्ड के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संपन्न हुई। खास बात यह रही कि पहली बार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कराई गई, जिससे छात्रों को बड़ी सुविधा मिली।
इस वर्ष हाईस्कूल में 1,12,266 और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कुल मिलाकर 2,15,252 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जो अब अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होकर 20 मार्च तक चलीं, जबकि प्रैक्टिकल परीक्षाएं जनवरी से फरवरी के बीच आयोजित की गईं। सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक हुईं।
इस बार प्रदेशभर में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई।
छात्रों की सुविधा के लिए इस बार नई व्यवस्था भी लागू की गई है। सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड दिए जाएंगे, जिससे छात्र अपने स्कूल में ही आसानी से रिजल्ट देख सकेंगे। इसके अलावा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी परिणाम उपलब्ध रहेगा।

अब प्रदेशभर के लाखों छात्र-छात्राएं 25 अप्रैल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब उनकी मेहनत का परिणाम सामने आएगा।
