रामनगर : नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है….जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कालाढूंगी इलाके में खेलते-खेलते एक पांच साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। कुछ ही पलों में खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया।
घटना कालाढूंगी के वार्ड नंबर सात की है, जहां विक्रम सिंह अधिकारी की पांच वर्षीय बेटी हस्मिता अधिकारी…जिसे परिवार में प्यार से गौरी कहा जाता था….घर के आंगन में खेल रही थी। खेलते-खेलते वह लोहे के स्लाइडिंग गेट पर झूलने लगी। इसी दौरान अचानक गेट अपने ट्रैक से निकल गया और सीधे बच्ची के ऊपर गिर पड़ा।
इस हादसे में बच्ची के सिर पर गंभीर चोट आई। घबराए परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे हल्द्वानी रेफर किया….लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जिस आंगन में कुछ देर पहले तक बच्ची की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं आसपास के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।
बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता रामनगर की गैस एजेंसी में संविदा कर्मचारी हैं। इस असमय हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर घरों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर छोटे बच्चों पर हर समय नजर रखना और घर में लगे भारी सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी हो गया है।
