हरिद्वार। गंगा नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से रविवार को सप्तऋषि घाट और कबीर कुटीर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। नदी के बीच बने टापू पर फंसे लोगों को प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते हुए इस रेस्क्यू अभियान ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:40 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सप्तऋषि घाट पर गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और कई लोग बीच में फंस गए हैं। सूचना मिलते ही जल पुलिस, पीएसी, फ्लड टीम और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
इस दौरान कबीर कुटीर घाट क्षेत्र में भी गंगा के बीच बने टापू पर स्नान कर रहे श्रद्धालु तेज बहाव के कारण फंस गए थे। मौके पर पहुंची टीमों ने बोट और राहत उपकरणों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू अभियान में कुल 21 लोगों को बचाया गया, जिनमें 10 पुरुष, 7 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं। ये सभी लोग दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय जलस्तर और बहाव का विशेष ध्यान रखें और नदी के बीच टापू या गहरे स्थानों पर जाने से बचें।
