टिहरी। जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। घुत्तू के समीप एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे एसडीआरएफ को वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने पिकअप वाहन (UK 07 CD 0854) को खाई में गिरा पाया। वाहन में दो लोग और एक खच्चर सवार थे।
रेस्क्यू अभियान चलाकर एसडीआरएफ टीम ने घायल पूरन सिंह (55), निवासी ग्राम साथियाला, पट्टी भिलंग, को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। वहीं चालक बॉबी (28), निवासी खलासी पट्टी पालीगढ़, की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में खच्चर की भी जान चली गई।

घायल का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
