‘उत्तराखंड समाजकार्य परिषद’
देहरादून के गांधी पार्क में 12 अप्रैल 2026 को ‘उत्तराखंड समाजकार्य परिषद’ का औपचारिक गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में परिषद की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें प्रदेशभर से जुड़े समाजसेवी और पेशेवर शामिल हुए।
बैठक में संरक्षक मंडल से लेकर प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, सचिव और अन्य पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की गई। देहरादून निवासी बृजपाल रावत को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, जबकि प्रदेश महामंत्री के रूप में रमेश गड़िया, अंकुर रावत और अतुल सती को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा संगठन में विभिन्न पदों पर अनुभवी और सक्रिय समाजसेवियों को शामिल किया गया, ताकि परिषद को मजबूत आधार मिल सके।

इस दौरान समाजकार्य से जुड़े पेशेवरों और छात्रों के हितों को लेकर कई अहम मांगें भी उठाई गईं। परिषद ने मेडिकल कॉलेजों की तर्ज पर जिला अस्पतालों, उपजिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में मेडिकल सोशल वर्कर (MSWO) के पदों के सृजन की मांग की। साथ ही हरिद्वार और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों में आउटसोर्स के जरिए भरे जा रहे पदों को नियमित भर्ती के माध्यम से भरने पर जोर दिया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाजकार्य एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, लेकिन इसे अभी तक वह पहचान और संरचना नहीं मिल पाई है, जिसकी आवश्यकता है। ऐसे में परिषद का गठन समाजसेवा के क्षेत्र में एक संगठित प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए जल्द ही जिला स्तर पर भी कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी गई और उम्मीद जताई गई कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में समाजकार्य के क्षेत्र को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

