बागेश्वर। कपकोट थाना क्षेत्र के खर्ककानातोली के जंगल में एक बुजुर्ग का नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम कुछ लोग जंगल में लकड़ी बीनने गए थे, तभी उन्हें कंकाल दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसआई संजय धौनी ने टीम के साथ कंकाल को कब्जे में लिया।
कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान खर्ककानातोली (बैसानी) निवासी 70 वर्षीय शेर सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले एक साल से लापता बताए जा रहे थे। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई गई थी।

थानाध्यक्ष प्रताप नगरकोटी के अनुसार मामले में जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
