देहरादून। केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर इस बार हेली सेवा की बुकिंग व्यवस्था पूरी तरह बदलने जा रही है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने टिकट बुकिंग की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार सभी टिकट सिर्फ आईआरसीटीसी के जरिए ऑनलाइन बुक किए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक 10 अप्रैल से बुकिंग पोर्टल खोलने की तैयारी है। पहले चरण में 20 दिनों की यात्रा के लिए टिकट जारी किए जाएंगे। 21 अप्रैल से हेली शटल सेवा शुरू होगी।
इस बार गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से आठ रूटों पर चार ऑपरेटर सेवाएं देंगे। यूकाडा और आईआरसीटीसी के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में पूरी व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
खास बात यह है कि यदि खराब मौसम के कारण हेली सेवा रद्द होती है, तो यात्रियों को इस बार जल्दी रिफंड दिया जाएगा। पिछली बार हुई देरी को देखते हुए इस बार सख्त निर्देश जारी किए जाएंगे।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय पर ऑनलाइन बुकिंग कर अपनी यात्रा सुनिश्चित करें।
