पत्रकार के खिलाफ FIR
बागेश्वर में जिला पत्रकार संघ के पदाधिकारियों और अन्य पत्रकारों ने खटीमा के वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर कड़ा विरोध जताया है। पत्रकारों ने अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर इस मामले को निरस्त करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने पत्रकारों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की अपील भी की है।
ज्ञापन में बताया गया कि ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ 27 मार्च 2026 को FIR संख्या 0090 भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(1)(b) के तहत दर्ज की गई है। पत्रकारों का आरोप है कि यह कार्रवाई प्रतिशोध की भावना से की गई है।
पत्रकारों का कहना है कि दीपक फुलेरा ने चकरपुर क्षेत्र में गैस आपूर्ति की समस्या को लेकर एक ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जो पूरी तरह जनहित से जुड़ी थी। इसके बावजूद प्रशासन ने समस्या की जांच करने के बजाय पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया, जो प्रेस की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े करता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि दीपक फुलेरा पिछले 18 वर्षों से निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता कर रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ है।
पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले में दर्ज मुकदमे को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। साथ ही भविष्य में पत्रकारों के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले राजपत्रित अधिकारी स्तर पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा पत्रकारों ने जनहित के मुद्दों को उठाने वाले पत्रकारों को सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की भी मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पत्रकार संघ जिलाअध्यक्ष दीपक पाठक, उपाध्यक्ष हिमांशु गढ़िया,महिप पाण्डेय,संजय साह जगाती,जगदीश उपाध्याय,शंकर पांडे, केशव भट्ट, रोहिणी जोशी, बसंत चंदोला, मोहिउद्दीन अहमद,लता प्रसाद सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

