उत्तराखंड चैलेंजर्स कप सीजन–10 का भव्य फाइनल मुकाबला 29 मार्च 2026 को रायगढ़ भवन स्थित CIDCO क्रिकेट ग्राउंड में शानदार अंदाज में संपन्न हुआ। बुरांश यूथ यूनाइटेड द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में पुरुष, महिला और सेलिब्रिटी वर्ग के मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
पुरुष वर्ग के फाइनल में Dairy Tech Himalayan, Pune और Pahadi Avengers के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। टॉस जीतकर Pahadi Avengers के कप्तान दीपक जोशी ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए Dairy Tech Himalayan ने निर्धारित 20 ओवरों में 166 रन बनाए और 167 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी Pahadi Avengers की टीम विरोधी गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 100 रन से कम स्कोर पर सिमट गई। इस शानदार प्रदर्शन के साथ Dairy Tech Himalayan, Pune ने सीजन–10 का खिताब अपने नाम किया।

टूर्नामेंट में ऋषि बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बल्लेबाज का खिताब अपने नाम किया। वहीं बेस्ट बॉलर का पुरस्कार प्रीतम सिंह को दिया गया और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के लिए पंकज रावत को सम्मानित किया गया। Ceat Tyres की ओर से श्रीमती सुलोचना कपिल द्वारा खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेटर के हस्ताक्षरित बल्ले भी प्रदान किए गए।
इस बार महिला क्रिकेट को भी विशेष स्थान दिया गया। पहली बार आयोजित महिला फाइनल में Nanda Devi XI, Airoli और Gad Kumaon Parvatiya Samaj XI के बीच मुकाबला खेला गया। Nanda Devi XI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवरों में 67 रन बनाए और शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। चेतना बिष्ट को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विमेन ऑफ द सीरीज चुना गया।
समापन समारोह का आकर्षण सेलिब्रिटी चैरिटी मैच रहा, जिसमें PPS XI और Burans XI आमने-सामने थे। इस मुकाबले में Burans XI ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। इस चैरिटी मैच से जुटाई गई धनराशि शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सहयोग हेतु समर्पित की जाएगी।

कार्यक्रम में नवी मुंबई की महापौर सुश्री सुजाता सूरज पाटिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता टीमों को सम्मानित करते हुए आयोजकों और खिलाड़ियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

बुरांश यूथ यूनाइटेड ने सभी प्रायोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को सफल बनाने में उनके योगदान को सराहा। यह टूर्नामेंट न केवल खेल का मंच बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का भी प्रतीक साबित हुआ।
