रामनगर की सड़कों पर हाल ही में कुछ पर्यटकों की लापरवाह हरकतों ने कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पर्यटन नगरी रामनगर में रोजाना देश-विदेश से सैलानी आते हैं, लेकिन कुछ बाहरी पर्यटक अपनी जान जोखिम में डालते हुए खतरनाक स्टंट करते नजर आए।
ताजा मामला कोसी बैराज का है। बताया गया है कि दिल्ली नंबर (DL1CAA1251) की कार में सवार कुछ युवक सड़क पर बेखौफ होकर घूमते हुए चलती कार से बाहर लटककर शोर-शराबा कर रहे थे। तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वे न केवल अपनी सुरक्षा की अनदेखी कर रहे थे, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा कर रहे थे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पर्यटन सीजन में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। बाहरी पर्यटकों की लापरवाही और नियमों की अनदेखी से शहर का माहौल खराब हो रहा है और रामनगर की शांति और सौम्य पहचान पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
रामनगर पुलिस प्रशासन ने इस घटना पर संज्ञान लिया है। रामनगर सीओ सुमित पांडे ने कहा कि मामले की जांच जारी है और संबंधित पर्यटकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे सड़क और सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की जान को खतरे में न डालें।
स्थानीय निवासी ऋषभ कुमार ने कहा कि पर्यटन नगरी रामनगर अपनी शांति और सौम्य वातावरण के लिए जानी जाती है, लेकिन इस तरह की उपद्रवी हरकतें स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि शहर में कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा बनी रहे।

