देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुई रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े एक्शन की घोषणा की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएम धामी ने क्षेत्र-3 मसूरी उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और प्रभारी कुठालगेट चौकी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में कानून व्यवस्था के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
सीएम धामी ने प्रदेशभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाने और अवांछित तथा हिंसक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा। सीएम ने यह भी दो टूक कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।
घटना 30 मार्च की सुबह हुई थी, जब राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में जेन जी क्लब में बिल के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो कार में सवार कुछ युवकों ने क्लब संचालक और स्टाफ की फॉर्च्यूनर कार पर फायरिंग की। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी फायरिंग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज हासिल कर चार आरोपियों में से चार में से एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, ज्यादातर आरोपी छात्र हैं। जांच में यह भी सामने आया कि क्लब/बार रात 2:30 बजे तक खुला था, जिसमें छात्र मौजूद थे।
इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा फैल गया और स्थानीय लोगों ने एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के सामने पुलिस की कानून व्यवस्था पर नाराजगी जताई। सीएम के आदेश के बाद अब पुलिस और प्रशासन मामले की गहन जांच में जुट गए हैं और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

