Dehradun Job Fair : राजधानी देहरादून में बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा 4 अप्रैल 2026 को एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला सुबह 10 बजे से सेवायोजन कार्यालय परिसर में आयोजित होगा, जहां युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी, जिनमें प्रमुख रूप से BERG TECHNOLOGIES PVT. LTD. शामिल है।
कंपनी द्वारा ऑपरेशन एग्जीक्यूटिव के कुल 60 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 30 पद स्नातक महिला अभ्यर्थियों के लिए और 30 पद अंडर ग्रेजुएट पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
इस रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 1 अप्रैल 2026 से सुबह 10 बजे से प्री-रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी, जो सेवायोजन कार्यालय परिसर में ही की जाएगी।
अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे मेले में शामिल होते समय अपने साथ जरूरी दस्तावेज जरूर लाएं। इनमें अद्यतन बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल और छायाप्रति, सेवायोजन पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र शामिल हैं।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि मेले में शामिल होने वाली कंपनियों और रिक्त पदों की संख्या में आवश्यकता के अनुसार बदलाव संभव है।
सेवायोजन कार्यालय ने सभी योग्य और इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और रोजगार मेले में बड़ी संख्या में भाग लें।

अधिकारी ने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
