देहरादून। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 अप्रैल तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार राज्य के पर्वतीय जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
आज 31 मार्च को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और बादलों की गर्जना देखने को मिल सकती है।
1 अप्रैल को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है। 2 अप्रैल को भी पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहेगा।
3 और 4 अप्रैल को भी कई पर्वतीय जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन बारिश से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
